बेहद खराब हवा, सांस लेने में हुई दिक्कत
गुरुग्राम। शहर में बेतहाशा रफ्तार से बढ़ रहा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बृहस्पतिवार को 309 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब की श्रेणी में आता है। बृहस्पतिवार को जिले में दो स्टेशनों में एक्यूआई 300 के पार रहा, जबकि ग्वाल पहाड़ी में एक्यूआई 297 एसपीएम (सस्पेंडेड पर्टिकुलर मैटर) दर्ज किया गया।
इसमें भी खास बात यह है कि प्रदूषण बढ़ने के साथ ही वातावरण में पीएम 2.5 व पीएम 10 सरीखे हानिकरक कणों की मात्रा काफी बढ़ चुकी है और लोगों के स्वास्थ्य की दृष्टि से ये कतई अच्छे संकेत नहीं हैं। बृहस्पतिवार को विकास सदन में पीएम 2.5 की औसत मात्रा 318 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई, जो फरवरी के बाद सर्वाधिक है। वहीं, पीएम 2.5 की अधिकतम मात्रा 406 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रही। सकेक्टर-51 में भी पीएम 2.5 की औसत मात्रा 310 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर व टेरी ग्राम में इसकी मात्रा 297 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रही।
वातावरण में दिखा स्मॉग का असर
प्रदूषण का असर बृहस्पतिवार को शहर में साफ तौर पर देखने को मिला, जब सुबह के समय स्मॉग देखने को मिली। स्मॉग का असर सुबह 10 बजे तक रहा। ऊंची इमारतों से स्मॉग ज्यादा नजर आ रही थी। बढ़ते प्रदूषण का अंदाजा प्रशासन को भी है, यही वजह है कि नगर निगम की तरफ से बृहस्पतिवार को 40 वाटर स्प्रिंक्लर टैंकरों को रवाना किया गया।