100 कर्मचारियों को फिल्म दिखाकर लिया व्यवस्था का जायजा
गुरुग्राम। सिनेमा हॉल में 100 कर्मचारियों को फिल्म दिखाकर व्यवस्था का जायजा लिया गया। शुक्रवार से लोगों के लिए सिनेमाघर खोल दिए जाएंगे। पहले दिन एमजीएफ गुड़गांव मॉल व सेक्टर-31 स्टार मॉल में बने पीवीआर की शुरुआत दोपहर 12 बजे से की जाएगी। एमजी रोड स्थित एमजीएफ मॉल में दोपहर 12 बजे पहली फिल्म शुभ मंगल ज्यादा सावधान दिखाई जाएगी जबकि स्टार मॉल में तान्हाजी से शुरुआत होगी। एमजीएफ गुड़गांव के पीवीआर सिनेमा प्रबंधक गौरव ने बताया कि बृहस्पतिवार को पीवीआर के 100 कर्मचारियों को फिल्म दिखाई गई। इसमें बैठने के प्रबंध समेत लोगों की निकासी व टिकट बुकिंग करने की व्यवस्था को देखा गया। इतना ही नहीं, फिल्म के दौरान लोगों को कोविड-19 से बचाव व बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया जाएगा। इसके लिए एक शॉर्ट फिल्म तैयार की गई है, जो फिल्म शुरू होने से पहले दिखाई जाएगी।
प्रबंधक पूरण बोहरा ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है कि लोग कियोस्क से ही टिकट खरीदें। केवल उन्हीं लोगों को काउंटर पर टिकट बेची जाएगी जिन्हें कियोस्क से टिकट निकालने में दिक्कत होती है। टिकट काउंटर पर भी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। बिना मास्क वालों को सिनेमाघर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। फिल्म चलने के दौरान भी लोगों पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई मास्क हटाए मिलता है तो उसे तुरंत ही सिनेमाघर से बाहर कर दिया जाएगा।