गुरुग्राम। व्यापक टीकाकरण अभियान के तहत अब प्रत्येक माह की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में सोमवार को जिले में गर्भवती महिलाओं के लिए 34 स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन सभी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं को कोरोनारोधी वैक्सीन लगाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वैक्सीनेशन अभियान के तहत अब तक नित नए प्रयोग कर नागरिकों को टीका लगाने का काम किया है।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सोमवार से जिले में प्रत्येक माह की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं को टीका लगाया जाएगा। शिविर में सभी महिलाओं को कोरोनारोधी कोवाक्सिन की पहली व दूसरी डोज दी जाएगी। मालूम हो कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जाती है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को बार बार स्वास्थ्य केंद्र न आना पड़े इसलिए 9 तारीख का चुनाव किया गया है ताकि इस दिन उनकी स्वास्थ्य जांच व टीकाकरण दोनों कार्य साथ किया जा सके।
इसलिए लगेगी कोवाक्सिन
गर्भवती महिलाओं को लगने वाली वैक्सीन की जानकारी देते हुए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी महिलाओं को केवल कोवाक्सिन ही लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव इसलिए किया गया है क्योंकि कोवाक्सिन के पहले वह दूसरे टीके के बीच जो समय सीमा तय की गई है वह काफी कम है।
इन केंद्रों पर लगेगा टीका
सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौमा, मंडपुरा, सूरत नगर, दौलताबाद, ओम नगर,कासन, वजीराबाद, पीएचसी गड़ी, राजीव नगर, नाहरपुर रूपा, गुड़गांव गांव, मुल्लाहेड़ा, बादशाहपुर, राजेंद्रा पार्क, सीएचसी फरुखनगर, पीएचसी भांगरोला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलपुर, पीएचसी भोड़ाकलां, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गांधीनगर, तिगरा, मानेसर, नाथूपुर, पटेल नगर, नागरिक अस्पताल सेक्टर 10, घंगोला, पलड़ा पीएचसी, नागरिक अस्पताल सोहना व पटौदी, पीएचसी भोंडसी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुखराली, लक्ष्मण विहार, फिरोज गांधी कॉलोनी, सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक पर वैक्सीन लगाई जाएगी।
जरूरी है टीका
डॉक्टर एमपी ने बताया की गर्भावस्था में यदि कोई महिला कोरोना से संक्रमित हो जाती है, तो इस अवस्था में प्रीमेच्योर डिलीवरी, बच्चे का वजन ढाई किलो से कम होने की आशंका बनी रहती है। साथ ही जन्म से पहले ही बच्चे की मृत्यु भी हो सकती है। उन्होंने कहा यदि किसी महिला को गर्भावस्था के दौरान कोरोना हो जाता है तो उसका टीकाकरण डिलीवरी के बाद किया जाएगा।
पीएचसी वजीराबाद से होगी शुरुआत
सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र यादव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वजीराबाद से गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। उन्होंने सभी से अपील करते हुए अपने परिवार समेत अपने परिचितों के परिवार में गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण कराने का आह्वान किया है।