डीसी अजय कुमार ने भूमि पूजन स्थल का दौरा कर अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्रामवासियों के लंबे इंतजार को विराम देते हुए अब शहर में मेट्रो विस्तार का सपना साकार होने जा रहा है। 5 सितंबर को गुरुग्राम में प्रस्तावित मेट्रो विस्तार परियोजना का भूमि पूजन किया जाएगा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भूमि पूजन करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) कार्यालय, सेक्टर-44 के सामने स्थित पार्किंग क्षेत्र में किया जाएगा।
डीसी अजय कुमार ने मंगलवार शाम आयोजन स्थल का दौरा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और भूमि पूजन समारोह को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री 5 सितंबर की सुबह जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के उपरांत इसमें शामिल होंगे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश शर्मा, तेजपाल तंवर तथा बिमला चौधरी भी रहेंगे।
भूमि पूजन के बाद गुरुग्राम विश्वविद्यालय में होगी जनसभा
डीसी ने बताया कि भूमि पूजन के उपरांत गुरुग्राम विश्वविद्यालय परिसर में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे और मेट्रो विस्तार परियोजना से होने वाले लाभों की जानकारी देंगे। गुरुग्राम का मेट्रो विस्तार केवल यातायात सुविधा का ही विस्तार नहीं होगा, बल्कि यह शहर की आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक प्रगति को भी नई रफ्तार देगा। इस मौके पर एडीसी वत्सल वशिष्ठ, एसडीएम संजीव सिंगला, डीपीआरओ बिजेंद्र कुमार, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन चरणदीप राणा तथा विभागीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।