तावडू से नूंह की ओर जाते समय तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह घाटी में हुए सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनीश (30) निवासी घासेड़ा और सलीम (18) निवासी उदाका के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों बाइक पर तावडू से नूंह की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में अनीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलीम ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच अधिकारी प्रवीण का कहना है कि पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अनीश वाहन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है।
साइड स्टोरी:
एक हादसा, दो घर उजड़े: मासूम बच्चों से छिना पिता का साया
नूंह। हादसे ने दो परिवारों की खुशियां एक ही पल में छीन ली। अनीश की मौत के साथ ही उसके चार छोटे-छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। 12 साल का बेटा आवेश, 10 और 8 साल की बेटियां नाजमा और सादिया और महज 5 साल का छोटा बेटा अजीज अब अपने पिता की राह देख रहे हैं, जो कभी लौटकर नहीं आएंगे।
घर में हर तरफ मातम पसरा है। अनीश की मां जेतुनी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बदहवास होकर बेहोश हो जाती हैं। उनका बेटा और नवासा, दोनों एक साथ दुनिया छोड़ गए—इस सदमे को सह पाना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया है। वहीं सलीम की मां नफीसा का दर्द भी कम नहीं है। वह बेटे के शव को देखकर फूट-फूट कर रो पड़ती हैं। नफीसा बार-बार कहती हैं कि सलीम घर जल्दी आने की बात कहकर गया था लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उसके आखिरी शब्द होंगे।