निरीक्षण के दौरान निर्धारित स्थान पर नहीं मिलने व बॉडी वार्न कैमरा नहीं होने पर की गई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। यातायात पुलिस की ओर से सख्ती सिर्फ वाहन चालकों पर ही नहीं बरती जा रही है। अब सख्ती के दायरे में जोनल अधिकारी भी आ गए हैं। बुधवार को औचक निरीक्षण के दौरान दो जोनल अधिकारी ड्यूटी पर नहीं मिले, जिन्हें निलंबित कर दिया गया। हाल में ही चालान करने के दौरान बॉडी वार्न कैमरा न लगाने पर तीन जोनल अधिकारियों को निलंबित किया गया था। बुधवार को पुलिस आयुक्त यातायात संजय औचक निरीक्षण करने के दौरान घाटा पावर हाउस पहुंचे थे। वहां पर नियुक्त जोनल अधिकारी उप निरीक्षक नरेंद्र निर्धारित स्थान पर नहीं मिलें। उन्हें तुरंत ही निलंबित कर दिया गया।
सूरजकुंड मेले को लेकर भारी वाहनों के लिए नाके लगाकर जांच की जा रही है। जब पुलिस आयुक्त यातायात औचक निरीक्षण के लिए नाके वाले स्थान पर पहुंचे तो वहां पर फरीदाबाद बंधवाड़ी टोल पर नियुक्त जोनल अधिकारी सहायक उप निरीक्षक आजाद वाहनों की जांच न करके बूथ में बैठे हुए थे। इस दौरान उनके पास बॉडी वार्न कैमरा भी नहीं था। इस लापरवाही पर उन्हें भी तुरंत ही निलंबित कर दिया गया है।
-
यातायात पुलिसकर्मियों को दी गई जिम्मेदारी में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी यातायात पुलिसकर्मियों को नियम से कार्य करना होगा। अब लगातार औचक निरीक्षण किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. राजेश मोहन, पुलिस उपायुक्त यातायात