उपायुक्त अजय कुमार ने गांव जमालपुर में स्कूल के प्रस्तावित नए भवन व शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। उपायुक्त अजय कुमार ने बुधवार को गांव जमालपुर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दौरा कर वहां प्रस्तावित नए शैक्षणिक भवन को लेकर समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लिया और कहा कि स्कूल के विकास से जुड़ी योजनाएं विद्यार्थियों की वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की जानी चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि स्कूल के नए भवन का प्लान इस प्रकार तैयार किया जाए कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर भवन का विस्तार किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण के साथ-साथ शैक्षणिक वातावरण, खेल गतिविधियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी समुचित ध्यान रखा जाए, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और अनुकूल शिक्षण माहौल मिल सके।
स्कूल शिक्षा विभाग से एसडीओ अकरम ने जानकारी दी कि स्कूल में योजना के प्रथम चरण के तहत दो फ्लोर के निर्माण का प्रस्ताव है। उन्होंने बताया कि इस चरण में दोनों फ्लोर पर कक्षाओं एवं प्रयोगशालाओं सहित आवश्यक शिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके बाद उपायुक्त ने स्कूल के 10वीं एवं 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विषय चयन और भविष्य की योजनाओं को लेकर बातचीत की व उन्हें शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर परिश्रम के महत्व को समझाया। उपायुक्त ने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट होने से मेहनत को सही दिशा मिलती है और सफलता प्राप्त करना आसान होता है।