बिलासपुर थाना क्षेत्र में कार ने बाइक को टक्कर मारी
फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकराई
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकाें की मौत हो गई, जबकि एक युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने संबंधित थानों में मामले दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
बिलासपुर थाना क्षेत्र में बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी। बाइक चालक सिधरावली गांव से बिलासपुर की ओर आ रहा था, तभी यह हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां भरतपुर (राजस्थान) के पानहारी गांव निवासी बंटी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी रामअवतार अस्पताल में उपचाराधीन है। बिलासपुर थाने के निरीक्षक दिलबाग ने बताया कि बाइक को टक्कर मारने वाली कार की पहचान हो चुकी है। कार चालक के बयान दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में झज्जर बाईपास के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को अस्पताल में पहुंचाया जहां बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक अपने ट्रक को लेकर मौके से भाग गया। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी लक्ष्मण (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और पिछले कई साल से फर्रुखनगर क्षेत्र में किराये पर रह रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। फर्रुखनगर थाने से निरीक्षक संतोष ने बताया कि मृतक के परिवार वालों को हादसे के बारे में सूचना दे दी है और ट्रक चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।