नूंह। रोजकामेव थाना क्षेत्र में स्थित एक स्टोन क्रशर प्लांट से बिजली मोटर चोरी करने की कोशिश कर रहे दो युवकों को कर्मचारियों ने मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गांव रेवासन स्थित मां शक्ति स्टोन इंडस्ट्रीज के मालिक इन्द्राज यादव निवासी गुरुग्राम ने थाना रोजकामेव में शिकायत दर्ज कराई कि 27 मई को सुबह करीब 11:30 बजे दो युवक क्रेशर प्लांट की बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर घुसे और वहां लगी 15 एचपी बिजली मोटर चोरी कर ले जाने लगे। इसी दौरान प्लांट पर मौजूद कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान आकिब जावेद पुत्र अब्दुल मजीद और रुकमुदीन पुत्र खुर्शीद निवासी गांव खोड़, जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 15 एचपी बिजली मोटर तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। संवाद