मृतका के मायके वालों ने पति पर लगाया आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में दो जगहों पर एक महिला और पुरुष ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामलों की सूचना मिलते ही पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। मृत महिला के मायकों वालों की शिकायत पर पुलिस ने पति के खिलाफ खेड़कीदौला थाने में एफआईआर दर्ज की है।
बागेश्वर (उत्तराखंड) के हिमगिरी दाबू, जखेड़ा निवासी प्रकाश राम गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में रहता है। उसकी पत्नी रीता देवी (25) यहीं साथ रहती थी। मंगलवार रात को रीता देवी ने अज्ञात कारणों से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह आत्महत्या के बारे में सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। रीता के भाई को पति प्रकाश राम ने चार साल पहले 7 हजार रुपये उधार दिए थे। पैसे न लौटाने पर प्रकाश पत्नी को बार-बार टोक रहा था। इससे इन दोनों के बीच कहासुनी भी होती थी।
पुलिस ने मृतका रीता देवी के मायके वालों को भी इसके बारे में सूचना दी। बृहस्पतिवार को मृतका के परिवार वाले गुरुग्राम पहुंचे और पति प्रकाश राम पर उसे परेशान करने व आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए। खेड़कीदौला थाने के निरीक्षक विरेंद्र ने बताया कि मृतका रीता देवी के मायके वालों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दूसरे मामले में बुधवार शाम को भांगरौला गांव में किराये के कमरे में एक युवक ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जितेंद्र (26 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के दौरान उसकी पत्नी भांगरौला गांव में ही अपने किसी रिश्तेदार के घर जन्मदिन की पार्टी में गई हुई थी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया। जांच में सामने आया कि जितेंद्र कुमार मूल रूप से आगरा के मानिकपुरा का रहने वाला था और पिछले कई साल से पत्नी के साथ भांगरौला गांव में रह रहा था और निजी कंपनी में नौकरी करता था। जांच अधिकारी राकेश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।