गुरुग्राम। सुशांत लोक थाना क्षेत्र के सेक्टर-55 में ड्यूटी से घर लौट रहे युवक से बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने शोर मचाया लेकिन आरोपी मौके से भाग गए। पीड़ित ने सुशांत लोक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सूरज, गांव घाटा सेक्टर-55 के रहने वाले हैं। 15 दिसंबर को ड्यूटी खत्म कर वह शाम करीब छह बजे घर लौट रहे थे। सेक्टर-42 चौक के पास जब वह पहुंचे तो उनके मोबाइल पर किसी का कॉल आ गया। वह मोबाइल जेब से निकाल रहे थे। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन बदमाश तेजी से फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ब्यूरो