नए साल की पार्टी के नाम पर बुलाया था, मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
आरोपियों में एक ने कर रखी है एमबीए पास
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नए साल की पार्टी का झांसा देकर युवक के साथ मारपीट व खाते से रुपये ट्रांसफर करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को 30 दिसंबर को सेक्टर-40 से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की और उनके कब्जे से तीन हजार रुपये बरामद किए। वहीं, मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों की पहचान खेड़तल तिजारा (राजस्थान) के गढ़ी गांव निवासी भविष्य (20) और अमोठ गांव निवासी विशाल (21) के रूप में हुई है। भविष्य ने अलवर के एलआईआईटी कॉलेज में एमबीए तक और विशाल ने 12वीं कक्षा पास की है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि इस वारदात का मास्टरमाइंड करण है, जिसने जस्ट डायल वेबसाइट पर डांस पार्टनर उपलब्ध कराने की फर्जी सर्विस डाल रखी थी और मोबाइल नंबर भी डाला हुआ था। मामले में शिकायतकर्ता ने करण के नंबर पर कॉल करके 31 दिसंबर की न्यू ईयर पार्टी के लिए डांस पार्टनर की मांग की थी।
आरोपियों ने कम समय में ज्यादा रुपये कमाने के लालच में शिकायतकर्ता युवक को डांस पार्टनर से मिलने के बहाने सुशांत लोक में बुलाया। करण ने भविष्य व विशाल के साथ मिलकर शिकायतकर्ता युवक को गाड़ी में बैठाकर मारपीट करते हुए उसका पर्स व मोबाइल छीन लिया और मोबाइल के माध्यम से उसके बैंक खाते से रुपये ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद पीड़ित युवक को सुनसान जगह पर छोड़कर भाग गए। आरोपियों ने बताया कि उनका साथी करण गुरुग्राम में रहता है और वे उसके कहने पर ही राजस्थाल से गुरुग्राम आए थे।
युवक से मारपीट व बैंक खाते से रुपये ट्रांसफर करने के मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता