मंगलवार को मृतक की पहचान बिहार के सहरसा निवासी 24 वर्षीय सनोज के तौर पर हुई। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई ने कहा कि सनोज का कुछ युवकों से झगड़ा हो गया था, उन्हीं ने उसकी हत्या की है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। मामले में मानेसर क्राइम ब्रांच के प्रभारी एसआई ललित कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो आरोपियों को जिले के सुखराली गांव में काबू किया।
आरोपियों की पहचान बिहार के सहरसा निवासी अजय और संजय के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी अजय ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी और सनोज के बीच अवैध संबंध हैं, जिसके चलते उसने सनोज के साथ 20 जुलाई की रात को शराब पी। इसके बाद अपने साथी संजय के साथ मिलकर नौरंगपुर-शिकोहपुर रोड पर सुनसान जगह पर सनोज की ईंट, पत्थर, डंडे से पीटकर हत्या कर दी।
शव को ऑटो रिक्शा में डालकर गांव शिकोहपुर की पहाड़ी के पास खेतों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो रिक्शा बरामद कर कार्रवाई शुरू कर दी है।