गुरुग्राम। सेक्टर-82 में रहने वाले खिलौना व्यापारी का अपहरण कर कार व पैसे लूटने वाले दो बदमाशों को मानेसर पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट के मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। बदमाशों ने 20 नवंबर, 2020 को खिलौना व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस पीआरओ सुभाष बोकन ने बताया है कि सेक्टर-83 निवासी अमित रंजन खिलौना व्यापारी हैं। 30 नवंबर को वह काकरौला सब्जी मंडी से घर जा रहे थे। उन्होंने केनाल चौक के पास अपनी कार रोकी थी। तभी पांच बदमाशों ने उनकी कार के आगे अपनी कार रोककर पिस्टल दिखाकर अपहरण कर लिया। इसके बाद उनकी कार लूट ले गए। साथ ही अमित से मारपीट करके बदमाशों ने उनके डेबिट कार्ड से भी पैसे निकलवा लिए। पैसे नहीं होने पर बदमाशों ने उनके फोन से उनकी पत्नी को फोन करवाकर 5 हजार रुपये मंगवाए फिर पैसे निकाले। इसके बाद पीड़ित को बिलासपुर से थोड़ा आगे छोड़ कर भाग गए, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रेवाड़ी के शाहबाजपुर निवासी विनोद को गिरफ्तार किया था। वहीं पुलिस ने इस मामले में दो और बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
हाईवे पर जाने वाले से करते थे लूट
पुलिस पीआरओ ने बताया है कि पकड़े गए बदमाश हाईवे पर रात में अकेले जाने वाले लोगों से लूट की वारदात को अंजाम देते थे। साथ ही जिसके पास पैसे नहीं होते थे, उनका डेबिट कार्ड लेकर पिन पूछकर पैसे निकाल लेते थे। बदमाशों ने अभी तक ऐसी 6 वारदात को अंजाम दिया है।