गुरुग्राम। पटौदी थाना क्षेत्र के हेलीमंडी में बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ट्रक ने बाइक सवार निजी कंपनी कर्मी को रौंद दिया। मृतक गांव निवासी दोस्त के साथ बाइक से हेलीमंडी की ओर आ रहा था। हादसे के बाद आरोपी ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गांव रहनवा पटौदी गुरुग्राम निवासी कुलदीप (20) बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गांव के दोस्त रवि के साथ हेलीमंडी की ओर बाइक से आ रहेे थे। बाइक रवि चला रहा था। फ्लाईओवर पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कुलदीप सड़क पर गिर गया। ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। जबकि रवि बाइक समेत दूर जा गिरा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। रवि का इलाज चल रहा है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश करने में जुटी है। परिजनों ने बताया कि कुलदीप एक निजी कंपनी में काम करता था।