अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में 23 मई की रात करीब 9 बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रक चालक ने कार को टक्कर मार दी। कार चालक ने जब नीचे उतरकर ट्रक के चालक से बात की तब वह शराब के नशे में था। कार चालक के पुलिस को कॉल करते ही आरोपी चालक सड़क पर ही ट्रक छोड़कर भाग गया। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ खेड़कीदौला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सोहना के महेंद्रवाड़ा निवासी राजेश कुमार ने शिकायत में बताया कि वह 23 मई की रात करीब 9.30 बजे अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ कार से दिल्ली-जयपुर हाईवे से हाेते हुए महेंद्रवाड़ा की ओर जा रहे थे। जब वे खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी व दायीं तरफ से घसीटता हुआ खेड़कीदौला टोल की ओर ले गया। कार चालक का आरोप है कि कुछ ही देर बाद ट्रक मालिक व दो युवक मौके पर आए व उनसे गाली-गलौज करने लगे। खेड़कीदौला थाना के एएसआई मनीपाल ने कहा कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक मालिक को चालक को पेश करने के लिए कहा गया है।