सोहना। स्वास्थ्य विभाग अब किन्नर समाज के स्वयंसेवकों की मदद से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा। ये स्वयंसेवक टीबी, एड्स समेत अन्य गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत गर्भवतियों को समय पर जांच के लिए प्रेरित करेंगे।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सोहना स्वास्थ्य विभाग ने इस योजना को लागू कर दिया है। किन्नर समाज के स्वयंसेवक अपने आसपास की गर्भवतियों की पहचान कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करेंगे।
हर महीने की 9, 10 और 23 तारीख को लगने वाले जांच शिविरों के लिए भी महिलाओं को प्रेरित करेंगे और उन्हें स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में मदद करेंगे। नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि यह पहल लिंगानुपात में सुधार लाने के साथ-साथ मातृ व बाल स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगी। संवाद