बाइक से सड़क पर बैग गिरने के बाद नागरिक ने किया था संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। अमेरिकी नागरिक का सड़क पर गिरे बैग को यातायात पुलिस ने तलाश करके वापस लौटा दिया। उस बैग को एक कैब चालक ले गया था। यातायात पुलिस ने चालक से संपर्क करके विदेशी नागरिक का बैग लौटाया। शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे घाटा पावर हाउस पर जोनल अधिकारी एएसअई जितेंद्र को अमेरिकी नागरिक पैट्रिक जेम्स ने बताया कि वह अपनी बाइक से जा रहे थे। उसी दौरान बाइक पर पीछे बंधा बैग गिर गया। उन्होंने जोनल अधिकारी को अपने मोबाइल में एक गाड़ी का नंबर दिखाते हुए बताया इसी गाड़ी के चालक ने बैग उठाया था।
जोनल अधिकारी ने गाड़ी के नंबर से गाड़ी मालिक से संपर्क किया तो उन्होंने अपने चालक का नंबर दिया। अधिकारी ने चालक को संपर्क करके बैग के बारे में पूछा और लौटाने को कहा। चालक ने पुलिस को बैग लौटा दिया। पुलिसकर्मी ने पुष्टि होने पर विदेशी नागरिक को वापस बैग दे दिया। विदेशी नागरिक ने यातायात पुलिस का धन्यवाद किया।