पीएसओ का कहना है कि फोन को भी हैक करने की हुई कोशिश
शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। साइबर ठगों ने ठगने के लिए अब डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के पीएसओ (निजी सुरक्षाकर्मी) की फोटो लगाकर लोगों के पास मैसेज करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही ठग लोगों से उनकी जानकारी भी मांग रहा है। पीएसओ की शिकायत पर साइबर वेस्ट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पीएसओ राम प्रकाश सांगवान ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति उनकी फोटो व्हाट्सएप पर लगाकर उनके परिचितों से पैसा मांग रहा है। आरोपी पैसे मांगने के साथ ही उनकी जानकारी भी हासिल करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि उनके फोन को भी हैक करने की कोशिश की गई थी। पुलिस का कहना है कि जिस व्हाट्सएप नंबर पर पीड़ित की फोटो लगाई गई थी उस नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। साइबर थाना पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
-
जेजेपी नेता का फोटो लगाकर ठग ने मांगे थे 25 हजार
इससे एक दिन पहले ठगों द्वारा जेजेेपी नेता अनंतराम तंवर की व्हाट्सएप पर फोटो लगाकर लोगों से 25 हजार रुपये मांगे जाने का मामला सामने आया था। ठग मैसेज करने वाले लोगों को आश्वासन देता था कि वह थोड़ी देर बाद पैसे वापस कर देगा। इसकी सूचना मिलने के बाद अनंतराम तंवर ने फेसबुक और ट्विटर पर इस बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि कोई व्यक्ति उनके नाम से पैसे मांग रहा है। कोई भी व्यक्ति उसे पैसे न दें।