मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। उद्योग विहार थाना क्षेत्र में एक होटल संचालक की तरफ से खाने के रुपये मांगने पर अपने साथियों के साथ मिलकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में एक युवक के हाथ में हथियार भी दिख रहा है। गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान डूंडाहेड़ा निवासी अनीश व मनीश और बनारस निवासी संदीप के रूप में हुई है।
पीड़ित ने पुलिस काे दी शिकायत में बताया कि वह हनुमान चौक पर होटल चलाता है। बृहस्पतिवार रात को करीब 12 बजे डूंडाहेड़ा निवासी अनीश होटल पर आया था। वह शराब के नशे में था। अनीश ने होटल से खाना पैक करवाया और बिना रुपए दिए जाने लगा। पीड़ित ने खाने के रुपये मांगे तो उसने हाथापाई करनी शुरू कर दी। धमकी दी कि 25 मिनट में इसका अंजाम भुगतेगा।
थोड़ी ही देर में स्कूटी पर मनीष और संदीप आए। आरोप है उन्होंने आते ही मारपीट करनी शुरू कर दी। तभी पीछे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी आई। उसमें चार-पांच युवक मौजूद थे। उनके हाथों में डंडे थे। उन युवकों ने भी आते ही पीड़ित और उसके पिता के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। पुलिस ने अभी इस मामले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।