गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शनिवार को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में लोगों के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस यहां आने वाले लोगों के सुरक्षा के साथ मास्क की भी जांच करेगी। इसके अलावा बाहरी इलाकों में 6 हजार पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात किए हैं।
कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में भीड़भाड़ एकत्रित नहीं होगी। हालांकि, इसके बावजूद यहां आने वाले लोगों की जांच के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा जांच बनाई है। डीसीपी हेडक्वार्टर नितिका गहलोत ने जायजा लेकर पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए। जिलेभर में सभी थानों और क्राइम यूनिट को मिलाकर 4800 पुलिसकर्मी तैनात हैं। इसके अलावा 1200 अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किए गए हैं। 61 नाकों के अलावा स्टेडियम के आसपास 8 अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं जहां पुलिसबल आने-जाने वालों पर निगरानी रख रही है। इसके अलावा सब डिवीजन में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी पुलिस तैनात रहेगी।
पूरे दिन वाहनों की जांच करते दिखे पुलिसकर्मी
स्वतंत्रता दिवस से पूर्व शुक्रवार को भी शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे। भीड़भाड़ वाले इलाकों के अलावा सदर बाजार जामा मस्जिद, ईदगाह मस्जिद, एमजी रोड पर पुलिसकर्मी नाके लगाकर वाहनों की जांच करते दिखे। झाड़सा रोड स्थित नाके पर पुलिसकर्मी वाहन चालकों के कागजात भी जांचे। शाम तक पुलिस जगह-जगह जांच करती नजर आई।
दोपहर 2 बजे तक भारी वाहनों प्रवेश रहेगा बंद
स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों पर शुक्रवार रात 9 बजे से प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने सात जगहों पर नाकाबंदी कर रखा है। शनिवार दोपहर दो बजे बाद भारी वाहनों का आवागमन सुचारू किया जाएगा।