- विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए जारी किए गए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। डबल शिफ्ट में संचालित होने वाले स्कूलों में विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार निर्धारित किए जाएंगे। इस संबंध में सभी विद्यालय प्रमुखों को निर्देश जारी किए गए हैं। पहली पारी की छुट्टी और दूसरी पारी के विद्यार्थियों के स्कूल पहुंचने का समय लगभग एक होने के कारण मुख्य द्वार पर भीड़ लग जाती है। इससे विद्यार्थियों को आने-जाने में परेशानी होती है।
निर्देशों के अनुसार, पहली पारी के विद्यार्थी छुट्टी होने पर निर्धारित निकास द्वार से बाहर जाएंगे, जबकि दूसरी पारी के विद्यार्थी अलग प्रवेश द्वार से स्कूल में दाखिल होंगे। इससे दोनों पारियों के विद्यार्थियों का आवागमन व्यवस्थित रहेगा और मुख्य द्वार पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगेगी। साथ ही विद्यार्थियों को एक-दूसरे के रास्ते में आने से होने वाली असुविधा से भी राहत मिलेगी। सभी विद्यालय प्रमुखों को अपने स्कूल में इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि दोनों पारियों के संचालन के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कोट-
अलग-अलग द्वार होने से विद्यार्थियों का आवागमन सुचारू रहेगा और दोनों पारियों के विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
- राकेश, खंड शिक्षा अधिकारी, गुरुग्राम