जीएमडीए ने स्टेडियम में नाले के निर्माण के लिए जारी किया टेंडर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए ड्रेनेज लाइन का निर्माण कराने जा रहा है। करीब 5.93 करोड़ से होने वाले कार्य का टेंडर जारी कर दिया है। कार्य अलॉट होने के बाद दस माह में काम पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम (स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स) 45 एकड़ में बना हुआ है। जीएमडीए परिसर में क्रिकेट स्टेडियम, फुटबॉल ग्राउंड, मल्टी-लेवल कार पार्किंग, ऑल वेदर स्विमिंग पूल, स्केटिंग रिंग, गोल्फ कोर्स, वॉलीबॉल, हैंडबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, शूटिंग रेंज, टेनिस अकादमी, बहुउद्देशीय हॉल, खो-खो, हॉकी, कबड्डी व नेट अभ्यास जैसे कई कार्य कराने की योजना है। इसके लिए डीपीआर तैयार कराई जा रही है। इसके बाद निर्माण कार्य का टेंडर जारी होगा। खेल परिसर में कई कार्याें पर करीब 634.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बीते साल 10 जुलाई को सीएम की अध्यक्षता में हुई जीएमडीए बोर्ड बैठक में इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है।
ताऊ देवीलाल स्टेडियम (स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स) का निर्माण हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने कराया था। अभी स्टेडियम में बरसाती पानी निकासी के बेहतर इंतजाम नहीं हैं। ऐसे में बारिश के दिनों में कॉम्पलेक्स में पानी जमा हो जाता है और खेल गतिविधियां प्रभावित होती हैं। इसके रखरखाव की जिम्मेदारी अब जीएमडीए के पास है। ऐसे में जीएमडीए जलभराव का स्थायी समाधान कराने जा रहा है। इसके तहत कॉम्पलेक्स के बीच सड़क से ड्रेनेज लाइन का निर्माण कार्य कराया जाएगा। जीएमडीए सेक्टर-38 स्थित टीडीएल स्टेडियम में सेक्टर डिवाइडिंग रोड 32/38 स्टेडियम गेट से सोहना रोड गेट तक आरसीसी बॉक्स टाइप मास्टर स्ट्रॉम वाटर ड्रेन का निर्माण कराने जा रहा है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया और ठेकेदार को कार्य अलॉट होने के बाद 10 माह में पूरा कराना होगा। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह ने बताया कि टीडीएल स्टेडियम में बारिश के पानी की निकासी का इंतजाम कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ड्रेनेज लाइनें बन जाने से जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
कमांड सेंटर से स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स पर नजर
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ने ताऊ देवी लाल स्टेडियम में करीब 20 सीसीटीवी कैमरे लगवाकर इसे पूरे परिसर को वाई-फाई जोन में बदल दिया है। स्टेडियम के फ्री वाई-फाई हॉटस्पॉट का इस्तेमाल फिलहाल सरकारी कर्मचारी कर रहे हैंं। स्टेडियम में लगे सीसीटीवी कैमरों से कमांड सेंक्टर से स्टेडियम पर नजर रखी जा रही है। इससे स्टेडियम की सुरक्षा बढ़ गई है।