बिजली के जर्जर तार और गलियों में गंदे पानी से लोग त्रस्त
04 हजार की आबादी झेल रही समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। रायपुर गांव के निवासी इन दिनों दोहरी मुसीबत का सामना कर रहे हैं। एक तरफ जर्जर बिजली के तारों का खतरा, तो दूसरी ओर जल निकासी की बदहाल व्यवस्था। सोहना शहर से मात्र तीन किलोमीटर दूर बसे इस गांव में बुनियादी सुविधाओं का आलम है, जिससे लगभग चार हजार लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
गांव की गलियों में जगह-जगह पानी भरा है, जिससे बदबू और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं, गांव में बिजली के तार बेहद खस्ताहाल स्थिति में हैं। कहीं, तार नीचे लटक रहे हैं, तो कहीं पर खुले तार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि गांव में सीवर लाइन के पाइप छोटे होने के कारण पानी नहीं निकल पाता और गलियों में फैलने लगता है। लोगों ने यह समस्याएं संवाद कार्यक्रम में रखीं।
-
वर्जन - गांव में दोहरी मुसीबत
जलभराव को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों को प्रतिदिन गंदे पानी से होकर गुजरकर जाना पड़ता है। - साहिल, रायपुर निवासी
-
गांव में बिजली की तारे काफी पुरानी हैं जो कि जर्जर हालत में हैं। इनको बदलने के लिए कई बार शिकायत दी है। -जावेद नंबरदार, रायपुर
-
गांव में काफी समस्या है। इससे लोगोंं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों की शिकायत सुनने के लिए कोई भी अधिकारी तैयार नहीं होता। - साहुन, रायपुर
-
सीवर का पानी गांव की गलियों में बहता रहता है। लोग गंदे पानी में से निकलने को मजबूर हैं। गंदे पानी से बीमारी फैलने का डर बना रहता है। - अत्ते मोहम्मद, पूर्व सरपंच, रायपुर