अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-9 थाना के अंतर्गत देवीलाल कॉलोनी में 1 अप्रैल की रात को युवक ने कमरे में लोहे की गाटर पर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने कमरे का निरीक्षण किया। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मृत युवक की पहचान देवीलाल कॉलोनी निवासी भूषण (22) के रूप में हुई है। वह बसई रोड स्थित अजय गुड्स ट्रांसपोर्ट कंपनी में चालक की नौकरी करता था। मृत युवक के चाचा जवाहर ने बताया कि उसका भतीजा बुधवार रात को अपने घर पर आया। परिवार वाले सोहना के महेंद्रवाड़ा में मकान शिफ्ट के लिए गए हुए थे। चचेरे भाई ने 2 अप्रैल की सुबह 11 बजे भूषण को फंदे पर लटका देखा तो परिवार वालों को सूचना दी। मृतक के चाचा जवाहर ने पुलिस से मोबाइल की जांच करने की मांग की है, ताकि आत्महत्या के कारण का पता चल सके।
जांच अधिकारी एसआई नरेश कुमार ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिवार वालों के बयान दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।