पुलिस को जांच के दौरान मोबाइल में मिले कॉल और मैसेज का रिकॉर्ड
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पालम विहार क्षेत्र में एक युवक ने 13 जनवरी की दोपहर को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पहुंची और एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया।
मृतक की पहचान इटावा (उत्तर प्रदेश) के लुहन्ना गांव निवासी विशाल (25) के रूप में हुई है। वह पिछले तीन माह से मारुति कंपनी में नौकरी करता था और सेक्टर-22 स्थित एक पीजी में रहता था। मंगलवार की दोपहर करीब 3.30 बजे कमरे में रहने वाला एक अन्य युवक आया तो उसने विशाल को फंदे पर लटका हुआ देखा। उस युवक ने पीजी मालिक को जानकारी दी। पीजी मालिक ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
युवक द्वारा आत्महत्या की सूचना मिलने पर पालम विहार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को निरीक्षण के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने मृतक विशाल के परिवार वालों को सूचना देकर गुरुग्राम बुलाया। पुलिस ने मृतक विशाल का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की तो पता चला कि वह किसी लड़की से बातचीत करता था। मोबाइल में कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप पर मैसेज व वीडियो कॉल से एक लड़की से संपर्क में रहने के साक्ष्य मिले हैं। वहीं, मृतक विशाल के भाई अवनीश ने बताया कि उसका भाई दिवाली पर घर गया था। किसी परेशानी संबंधित कोई भी बात विशाल ने घर वालों को नहीं बताई थी।
बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मोबाइल में एक लड़की से बातचीत करने, वीडियो कॉल करने के अलावा उसके वीडियो व फोटो भी मिले हैं। मामले की जांच में संबंधित युवती से भी पूछताछ जाएगी, तभी आत्महत्या के सही कारणों का पता चल सकेगा। -विनोद, सहायक उपनिरीक्षक, जांच अधिकारी