मकान का एक हिस्सा भी धंस गया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी में बारिश आफत बनकर आई। दूसरे दिन भी मंगलवार सुबह की बारिश में सेक्टर-62 में अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट के लिए चल रही बेसमेंट की खुदाई से इससे सटे मकान की दीवार गिर गई। दीवार गिरने के साथ-साथ मकान का एक हिस्सा भी धंस गया। मकान मालिक ने इसकी सूचना गुरग्राम पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत लेकर भी कोई कार्रवाई नहीं की जिसके कारण पूरी रात परिवार सहित सड़क किनारे बितानी पड़ी।
सदर बाजार में ऑफिस की छत गिरी
सदर बाजार के बड़ा बाजार में एक ऑफिस की छत भी बारिश के कारण गिर गई। यह ट्रांसपोर्ट का ऑफिस था जिसमें रात को कोई नहीं था। इसकी जानकारी जब ट्रांसपोर्टर को लगी तो वह मौके पर पहुंच गया और मलबे को हटवाने का कार्य शुरू करा दिया। मारुति कुंज में भी एक मकान की दीवार में दरार आई है। वहीं, बादशाहपुर सहित कुछ अन्य एरिया में सुरक्षा के मद्देनजर मकानों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। ये वे मकान हैं जिनके बारिश के दौरान गिरने की आशंका बनी हुई है।