छह तरह की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे 15 से 29 साल के युवा, विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में 19 नवंबर से दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव 2026 शुरू होगा। सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ सोहना विधायक तेजपाल तंवर करेंगे। दो दिन तक चलने वाले इस आयोजन में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के निर्देश पर आयोजित इस महोत्सव में छह तरह की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन और लोक वाद्य यंत्र शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में युवा अपनी कला के साथ-साथ अपनी संस्कृति और रचनात्मक सोच को भी पेश करेंगे।
प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम के प्रधानाचार्य रविंद्र यादव ने बताया कि महोत्सव के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 4,100 रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 3,100 रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 2,100 रुपये दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर जीतने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में गुरुग्राम का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। वहीं, राज्य स्तर पर चयनित होने वाले युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। इस तरह युवाओं को अपनी कला को बड़े मंच तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
नशामुक्त समाज का दिया जाएगा संदेश
इस साल युवा महोत्सव की थीम नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत रखी गई है। इसके जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही युवाओं को नशामुक्त समाज बनाने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।