एनएचएआई ने जीएमडीए को भेजा स्टीमेट, एनएच-48 से द्वारका रोड को जोड़ेगी रोड
182 करोड़ किए जाएंगे खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने
दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) स्थित हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक एलिवेटेड रोड बनाने का स्टीमेट गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण को सौंप दिया है। इसके निर्माण पर करीब 182 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अब इस पर जीएमडीए को निर्णय लेना है।
जीएमडीए हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क को बेहतर बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत सीवर-पानी, ड्रेनेज और बिजली सब स्टेशन को हटाने पर कार्रवाई चल रही है। पहले इसे छह लेन की सड़क बनाने की योजना था। हालांकि, करीब एक माह पहले कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने हीरो होंडा-उमंग भारद्वाज सड़क को एलिवेटेड बनाने के लिए स्टीमेट तैयार करने के लिए एनएचएआई से कहा था। इस सड़क का निर्माण कार्य एनएचएआई की ओर से करवाया जा रहा है और एलिवेटेड का स्टीमेट जीएमडीए को सौंप दिया है।
एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर प्रकाश तिवारी ने बताया कि सड़क को एलिवेटेड बनाने का स्टीमेट जीएमडीए को भेज दिया गया है। जीएमडीए के अनुसार, एलिवेटेड कॉरिडोर में मेट्राे परियोजना का ध्यान रखा गया है। योजना के अनुसार, मेट्रो को हीरो होंडा से उमंग भारद्वाज की ओर से बाएं से जाना प्रस्तावित है। वहीं, एलिवेटेड सड़क के नीचे तीन लेन की सड़क और तीन लेन की सर्विस रोड होगी।