गुरुग्राम। शिक्षा विभाग ने सोमवार को कक्षा छठी से नौवीं व ग्यारहवीं का परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों में अगले सत्र को लेकर हलचल बढ़ गई है और छात्र अब नए सत्र में प्रवेश की तैयारियों में जुट गए हैं। विभाग द्वारा पहले ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं में दाखिले का शेड्यूल जारी किया जा चुका है। इसके तहत सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया एक अप्रैल से शुरू होगी।
कक्षा नौवीं में दाखिले एक से 30 अप्रैल तक किए जाएंगे। जो छात्र इस अवधि में दाखिला नहीं ले पाएंगें, उन्हें एक मई से 16 मई तक एक और मौका दिया जाएगा। वहीं, कक्षा 11वीं में एक अप्रैल से प्रोविजनल दाखिले शुरू होंगे, जिन्हें 10वीं बोर्ड का परिणाम आने के बाद नियमित किया जाएगा। संवाद