गांव नखड़ौला में पैच वर्क की हुई शुरुआत
32 लाख रुपये खर्च करेगा नगर निगम
अमर उजाला ब्यूरो
मानेसर। मानेसर नगर निगम की मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव ने सोमवार को गांव नखड़ौला में सड़क निर्माण के पैच वर्क कार्य की आधारशिला रखी। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दिया।
मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव के गांव नखड़ौला में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। यहां पहुंचने पर मेयर ने गांव में बने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित करके नमन किया। इसके बाद सड़क निर्माण कार्य की नारियल फोड़कर आधारशिला रखी। इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मेयर ने कहा कि ग्रामीण निगम से संबंधित किसी भी कार्य के लिए उनके पास आ सकते हैं। आमजन की सेवा के लिए उनके दरवाजे 24 घंटे खुले हैं। इस दौरान नखड़ौला के ग्रामीणों ने मेयर के समक्ष कम्युनिटी सेंटर की सफाई, सरकारी स्कूल में पानी और सीवर के कनेक्शन, टायलेट निर्माण संबंधित समस्याएं रखीं। मेयर ने मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों को जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
बता दें कि गांव नखड़ौला में किसी कारणवश सड़क निर्माण का करीब 300 मीटर का हिस्सा छूट गया था। यह सड़क आरसीसी की बनाई जाएगी। सड़क निर्माण पर नगर निगम लगभग 32 लाख रुपये खर्च करेगा। इस मौके पर उनके साथ पार्षद पिंकी, एसडीओ अमन राठी, जेई दिपेश यादव, राकेश यादव हयातपुर, हरि सिंह, देवेंद्र, चरण सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।