विभाग वित्तीय वर्ष में करेगा पौने चार करोड़ रुपये खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। मार्केट कमेटी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट को मंजूरी प्रदान कर दी है। विभाग को आने वाले वर्ष में कुल 2 करोड़ 86 लाख रुपये की आमदनी होगी। यह आमदनी विभाग को मार्केट फीस, किराया, लाइसेंस फीस आदि से प्राप्त होगी जबकि विभाग विभिन्न मदों पर करीब पौने चार करोड़ रुपये की राशि खर्च करेगा।
हर वर्ष की तरह इस साल भी मार्केट कमेटी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुमानित बजट पारित करके उच्चाधिकारियों को भेज दिया है। जिसकी मंजूरी मिलने पर विभाग विकास कार्य शुरू कर देगा। यह बजट प्रस्ताव मार्कट कमेटी चेयरमैन दयाराम लोहिया की संस्तुति पर तैयार किया गया है। मार्केट कमेटी विभाग का ओपनिंग शेष 97 लाख 44 हजार रुपये है। इसके अलावा विभाग को आने वाले वित्तीय वर्ष में अनुमानित 2 करोड़ 86 लाख 41 हजार रुपये की आय होगी। जिसमे मार्केट फीस से एक करोड़ 41 लाख रुपये, किराया से 15 लाख 46 हजार रुपये, पेनल्टी से 1 लाख 21 हजार रुपये, लाइसेंस फीस से एक लाख रुपये, प्लाट आदि से 90 लाख रुपये शामिल हैं। वहीं विभाग आने वाले वित्तीय वर्ष में 3 करोड़ 71 लाख 93 हजार रुपये की राशि खर्च करेगा। जिसमे वेतन पर 77 लाख रुपये, सफाई व्यवस्था पर 10 लाख रुपये, स्ट्रीट लाइट पर 10 लाख रुपये, रोड निर्माण पर 81 लाख 50 हजार रुपये, पानी व सीवरेज पर 10 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
मार्केट कमेटी विभाग के अकाउंटेंट प्रदीप शर्मा बताते हैं कि मार्केट कमेटी का वार्षिक बजट पारित करके मंजूरी के लिए मार्केटिंग बोर्ड को भेज दिया गया है। वहीं मार्केट कमेटी विभाग के चैयरमैन दयाराम लोहिया कहते हैं कि बजट को पारित करके बोर्ड को प्रेषित कर दिया गया है जिसकी मंजूरी मिलने पर विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।