अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ने सेक्टर-9/9ए की मुख्य डिवाइडर रोड को दोबारा ठीक करा दिया है। सड़क जर्जर होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी और जाम लग रहा था।
जीएमडीए ने शहर की सड़कों को ठीक कराने का ठेका अलग-अलग ठेकेदारों को दिया हुआ है। ठेकेदार गर्मी में सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरा नहीं कर सके है। बारिश के समय में सेक्टर-9/9ए की मुख्य डिवाइडर रोड पर निर्माण कार्य शुरू किया गया था। सड़क के बनते ही बारिश उखड़ गई और गड्ढे हो गए। इससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठे और जीएमडीए की काफी किरकिरी हुई थी। इसी प्रकार से सेक्टर-22 में सड़क उखड़ गई थी। जीएमडीए ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाया था और बारिश के बाद सड़क ठीक करने को कहा था। शनिवार को ठेकेदार से सेक्टर-9/9ए की मुख्य डिवाइडर रोड को दोबारा बनवा दिया है। सड़क बनाने से वाहन चालक को राहत मिली है।
पटौदी चौक से बसई फ्लाईओवर तक रोड जर्जर
पटौदी चौक से बसई फ्लाईओवर तक रोड जर्जर है। बीच में सीवर लाइन ठीक कराने के बाद सड़क नहीं बनी है और धूल उड़ रही है। इससे वाहन चालकों के साथ आसपास के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी धर्मेंद्र मिश्र ने कहा कि सड़क जर्जर होने से लोग परेशान हो रहे है। जीएमडीए का शहर की इस प्रमुख सड़क पर ध्यान नहीं है। दो माह से सड़क बीच में वनवे है लेकिन इसकी किसी को सुध नहीं है।