मानेसर। भांगरौला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से क्षेत्र में टीबी मरीजों की पहचान के लिए लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। अप्रैल महीने में स्वास्थ्य विभाग ने तीन टीबी जांच शिविर लगाए, जिनमें करीब 350 से अधिक लोगों की जांच की गई।
जांच के दौरान कुछ लोगों में टीबी के लक्षण मिलने पर उनके सैंपल लेकर आगे जांच की गई। इनमें से दो लोगों में टीबी की पुष्टि हुई है, जबकि पांच अन्य संदिग्ध मरीजों की जांच अभी स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है।
विज्ञापन
वहीं, मई महीने में भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन और शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों की स्क्रीनिंग की गई। एक शिविर में 125 लोगों की जांच हुई, जबकि तीसरे शिविर में 281 लोगों की जांच की गई। राहत की बात यह रही कि मई महीने में लगाए गए शिविरों में अब तक किसी नए मरीज में टीबी की पुष्टि नहीं हुई है। तीसरे शिविर के दौरान जो सेंपल लिए गए थे उनकी जांच की जा रही है।
भांगरौला स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जांच और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को टीबी के लक्षणों के बारे में जानकारी भी दी जा रही है, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान हो सके।