- राव नरबीर सिंह ने कहा साहित्य और रंगमंच भारतीय संस्कृति के संवाहक, नई पीढ़ी को मूल्यों से जोड़ने का करते हैं काम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह शनिवार को गुरुग्राम में आयोजित ‘देवदास- ए ग्रैंड म्यूजिकल स्टेज स्पेक्टेकल’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं होते, बल्कि समाज में समरसता, संवेदनशीलता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने महान साहित्यकार शरत चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर कृति ‘देवदास’ की भव्य रंगमंचीय प्रस्तुति का आनंद लिया। उन्होंने कलाकारों की शानदार अभिनय क्षमता और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।राव नरबीर सिंह ने कहा कि साहित्य और रंगमंच हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनके जरिए नई पीढ़ी को भारतीय सभ्यता, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में कला और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का काम करते हैं। कार्यक्रम में कलाकारों ने संगीत, अभिनय और भावनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से ‘देवदास’ की कहानी को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने भी प्रस्तुति की जमकर सराहना की। मंत्री ने आयोजन समिति के सदस्यों और कलाकारों से मुलाकात कर उनके प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कला प्रेमी, साहित्यकार और नागरिक मौजूद रहे। आयोजन ने गुरुग्राम में सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देने का कार्य किया।