अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ब्लड सैंपल देने के बहाने लैब कर्मी को घर बुलाकर आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर 1.87 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। आरोपियों ने कर्मी से मोबाइल भी ले लिया। शिकायत पर साइबर थाना साउथ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सोहना निवासी युवक ने बताया कि वह एक डायग्नोस्टिक लैब में कार्यरत हैं। पीडि़त घर-घर जाकर ब्लड सैंपल कलेक्ट करते हैं। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नौ जनवरी को उनकी बात राजीव अरोड़ा नामक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को बादशाहपुर का निवासी बताया। राजीव ने उसे ब्लड सैंपल लेने के लिए बादशाहपुर में बुलाया। पीड़ित ने बताया कि राजीव उसे अपने रूम पर ले गया, जहां पहले से ही तीन लोग मौजूद थे। आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया और डरा-धमका कर मोबाइल ले लिया। इसके बाद यूपीआई का पिन कोड पूछकर बैंक खाते से कई जगह करीब 1.87 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की दी है।