संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। डीएलएफ सिटी दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा डीएलएफ फेज वन के कम्युनिटी सेंटर में 35वीं दुर्गा पूजा श्रद्धा-भक्ति से मनाई जा रही है। शनिवार रात सीनियर सिटिजन ने पारंपरिक बंगाली पोशाक में धुनुची नृत्य किया, जिसने दर्शकों की तालियां बटोरीं।
संगठन के 35वें साल की थीम पर सजे पंडाल में मां दुर्गा सहित सभी मूर्तियां पुराने बंगाली गांवों की मिट्टी से बनी हैं, जिनमें कृत्रिम सजावट या रंग-रोगन नहीं है। पंडाल में बंगाली गांवों के कच्चे घरों की चित्रकारी भी है। परिसर में बंगाली व्यंजनों, परिधानों और किताबों के स्टॉल लगे हैं। सुबह पुष्पांजलि और शाम को आरती के वक्त ढाक, ढोल व दुर्गा सप्तशती के मंत्र गूंजते हैं। कोरोना काल में बनी मां दुर्गा की पंचधातु की स्थायी मूर्ति भी यहां स्थापित है। अध्यक्ष अबीर राॅय ने बताया कि गुरुग्राम में पुराने बंगाल की परंपरा को बनाए रखने का प्रयास है।