संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कोपरनिकस मार्ग स्थित सांगली अपार्टमेंट्स को अनुपम कॉलोनी का दर्जा दे दिया है। एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने शिलापट्ट का अनावरण कर यह प्रमाण कॉलोनी को दिया। सांगली अपार्टमेंट्स अब एनडीएमसी क्षेत्र की आठवीं अनुपम कॉलोनी बन गई है।
एनडीएमसी अध्यक्ष ने कहा कि कॉलोनी के निवासियों ने कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहतरीन काम किया है। यहां घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने के लिए पांच प्रकार के डिब्बों की व्यवस्था की गई है। गीला, सूखा, ई वेस्ट, सैनिटरी और अन्य कचरे को अलग-अलग एकत्र कर वैज्ञानिक तरीके से निपटाया जा रहा है।
गीले कचरे से खाद बनाई जाती है, जबकि सूखे कचरे को रिसाइक्लिंग के लिए अलग किया जाता है। यहां मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल) केंद्र और ''नेकी की दीवार'' जैसी पहलें भी की जा रहीं हैं। केशव चंद्रा ने बताया कि सांगली अपार्टमेंट्स रक्षा सेवाओं से जुड़ी पहली आवासीय कॉलोनी है, जिसे यह सम्मान मिला है।
बता दें कि इस योजना के तहत अब तक आठ कॉलोनियों को यह पहचान दी जा चुकी है। अन्य सात कॉलोनियों में चाणक्यपुरी, भारती नगर, आराधना सोसायटी, बापू धाम, न्यू मोती बाग, काका नगर और जोर बाग शामिल हैं।