पटौदी। बिनौना फ्लाईओवर के पास ट्रैफिक सिपाही श्रवण ने एक ट्रक को रुकने का इशारा किया तो ट्रक चालक ने सिपाही के पैर पर ट्रक चढ़ा दिया। इससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। बिलासपुर थाना पुलिस ने घायल सिपाही के बयान पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार श्रवण निवासी नांगल माला जिला महेंद्रगढ़ ट्रैफिक पुलिस में सिपाही हैं। उनकी ड्यूटी 14 मई को लगभग रात एक बजे के आसपास बिनौला फ्लाईओवर पर थी। धारुहेड़ा की ओर से तेजगति व लापरवाही से ट्रक चलाता चालक आ रहा था। श्रवण ने ट्रक चालक को रुकने का इशारा किया। इसके बावजूद चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए सिपाही के पैर पर चढ़ा दिया। इससे सिपाही के पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बिलासपुर थाना पुलिस ने घायल सिपाही के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है।