एमबीए की पढ़ाई कर रहा है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी अनियंत्रित होकर टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनूं निवासी राहुल के रूप में हुई है। फिलहाल सुशांत लोक -तीन में रह रहा है।
मंगलवार रात करीब एक बजे एक टोयोटा रुमियन गाड़ी कंपनी के सात कर्मचारियों (चालक, दो महिलाओं सहित) को लेकर सेक्टर-54 से डीएलएफ फेज-तीन की तरफ जा रही थी। उस दौरान गाड़ी जब सेक्टर-53 के पास पहुंची तो साइड वाले रास्ते से गलत दिशा में तेज रफ्तार में आ रही फॉर्च्यूनर गाड़ी ने उनकी गाड़ी में सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रुमियन में सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात के बाद आरोपी चालक अपनी फॉर्च्यूनर को मौके पर ही लॉक करके फरार हो गया था। यह पूरा घटनाक्रम कैब में कैमरे में कैद हो गई थी। सेक्टर-53 पुलिस टीम ने शुक्रवार को आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दुर्घटना में इस्तेमाल हुई फॉर्च्यूनर उसके पिता के नाम पर है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह गलत दिशा में लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।