दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर खड़े ट्रक से लटकता मिला शव
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर के सिधरावली गांव के पास हाईवे की सर्विस लेन पर 16 मई की शाम को चालक ने ट्रक के पाइप पर गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर बिलासपुर थाने की पुलिस माैके पर पहुंची और एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस को चालक के पास से काेई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक की पहचान गाजियाबाद के कावी गांव निवासी शोकेंद्र कुमार (34) के रूप में हुई है।
युवक बिलासपुर क्षेत्र की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक पर चालक का काम करता था। 16 मई की शाम उसने सिधरावली गांव के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर ट्रक खड़ा किया और ट्रक के साइड में लगे पाइप से गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ट्रक का मालिक जब गाड़ी को ट्रेस करते हुए पहुंचा तो उसे चालक के फंदा लगाने के बारे में पता चला। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को घटना के बारे में सूचना दी, तो बिलासपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने किसी पर शक नहीं जताया है और न ही कोई संदिग्ध बात सामने आई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में कोई संदिग्ध बात सामने आती है तो उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश, एएसआई व जांच अधिकारी, बिलासपुर थाना।