जिले में सर्दी का प्रकोप चरम पर, 3.8 डिग्री तापमान दर्ज
सात जनवरी तक कोहरे के लिए ऑरेंज का अलर्ट जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो कि इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। इस सीजन में इससे पहले 31 दिसंबर 2025 को न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था लेकिन शनिवार की ठिठुरन ने इस सीजन के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। वहीं, अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के विशेषज्ञ डाॅ. मंजीत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और उत्तर भारत में चल रहीं सर्द हवाओं के कारण शहर में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। सात जनवरी तक के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया हुआ है।
शहर के विभिन्न इलाकों में लोग दिनभर अलाव का सहारा लेते नजर आए। हालांकि, दिन में हल्की धूप जरूर निकली लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन कम नहीं हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें और सुबह-शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।