हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। नगर में अस्थायी सब्जी मंडी के स्थानांतरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद मंडी के स्थानांतरण पर रोक लगी थी, लेकिन अब व्यापारियों का एक पक्ष इसके खिलाफ खुलकर सामने आया है। शुक्रवार को व्यापारियों ने एक बैठक आयोजित कर हाईकोर्ट के फैसले को तानाशाही करार दिया और इसे चुनौती देने की चेतावनी दी।
शुक्रवार को हुई बैठक में मौजूद व्यापारी नायब नरेश, आदिल व रिटायर्ड फौजी मम्मन खान और अन्य ने बताया कि तावडू मार्केट कमेटी ने अनाज मंडी के पीछे स्थायी सब्जी मंडी के लिए जगह चिन्हित की है, जहां सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं और कोई खतरा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पक्ष शुरू से ही सब्जी मंडी के संचालन का विरोध कर रहा है और राजस्व चोरी में भी शामिल रहा है। पहले अनाज मंडी में अस्थायी सब्जी मंडी संचालित थी, जिसके खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए स्थायी और चिन्हित जगह पर मंडी संचालित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मंडी का संचालन नई जगह पर शुरू हुआ, लेकिन दूसरे पक्ष ने इसे फिर चुनौती दी। उन्होंने कोर्ट में दावा किया कि नई जगह पर हाईटेंशन तारों से जान का खतरा है। विरोधी व्यापारियों का कहना है कि हाईटेंशन तारों का हवाला देकर कोर्ट को गुमराह किया गया है। उनका तर्क है कि हाईटेंशन तारें अनाज मंडी और तावडू बस स्टैंड के ऊपर से भी गुजरते हैं, फिर वहां संचालन कैसे हो रहा है। उन्होंने इसे मंडी को बंद करने की साजिश करार दिया और इसमें कुछ अधिकारियों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया।
व्यापारियों ने कहा कि उन्होंने चिन्हित जगह पर मंडी स्थापित करने में भारी लागत लगाई है, लेकिन अब उनके व्यवसाय को उजाड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मंडी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वे जिला प्रशासन को पूरी स्थिति से अवगत कराएंगे और मजबूत तर्कों के साथ हाईकोर्ट में दोबारा चुनौती देंगे। व्यापारियों ने काम बंद करने की चेतावनी भी दी है।