नगर निगम ने शुरू किया सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में अब सड़कों पर कचरा या मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नगर निगम पूरी निगरानी रखेगा। नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक प्रभावी और संगठित अभियान शुरू किया है। यह अभियान न केवल कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाएगा, बल्कि नागरिकों की सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता को एक जन आंदोलन का रूप देगा। इस समूचे अभियान की निगरानी के लिए अतिरिक्त निगमायुक्त रविंद्र कुमार को ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया गया है, जो अभियान की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करेंगे।
निगमायुक्त दहिया के दिशा-निर्देशों के तहत नगर निगम क्षेत्र में चिह्नित किए गए 254 गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंटों (जीवीपी) की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। संयुक्त आयुक्तों, कार्यकारी अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं को प्रतिदिन सुबह अपने-अपने क्षेत्रों में इन जीवीपी का निरीक्षण करना होगा। सफाई सुनिश्चित करने के उपरांत वे प्रतिदिन सुबह 11 बजे तक अपनी रिपोर्ट निगम को प्रस्तुत करेंगे।
त्वरित समाधान के लिए क्विक रिस्पांस टीमें गठित
शहरवासियों की शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए जोन वार क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है। ये टीमें किसी भी कचरा या गंदगी से संबंधित शिकायत मिलने पर तत्परता से कार्रवाई करेंगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि कोई भी शिकायत अनदेखी न रह जाए और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों, सडक़ों के किनारे और ग्रीन बेल्ट में अवैध रूप से कचरा या मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके लिए विशेष कार्यबल सातों दिन और 24 घंटे निगरानी करेगा। अवैध डंपिंग करते पाए जाने पर संबंधित वाहन को जब्त कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और अवैध डंपिंग करने वालों की पहचान कर निगम को सूचित करें।