12 करोड़ रुपये का मिला है बजट, 10 एंटी स्मॉग गन खरीदने में अभी लगेगा एक माह
टैंकरों से पानी का छिड़काव कर चलाया जा रहा काम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिन-ब-दिन बढ़ रहे प्रदूषण के स्तर के लिए नगर निगम प्रशासन भी जिम्मेदार है। दरअसल प्रदूषण नियंत्रण को लेकर नगर निगम को 12 करोड़ रुपये मिले हैं जिससे नगर निगम एंटी स्मॉग गन खरीदनी हैं। नगर निगम इस राशि से 10 एंटी स्मॉग गन खरीदेगा मगर अभी एक माह का समय लगेगा। जनता को दिखाने व समझाने के लिए पानी के टैंकर से सड़कों पर छिड़काव किया जा रहा है। आलम यह है कि नगर निगम की लापरवाही का नतीजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। यदि समय से एंटी स्मॉग गन खरीद ली जातीं तो हालात पर नियंत्रण पाया जा सकता था।
दिवाली के बाद से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। रोजाना नागरिक अस्पताल की ओपीडी में सांस से परेशान लोग पहुंच रहे हैं। प्रदूषण बढ़ जाने के कारण लोग निजी अस्पतालों में दाखिल हो रहे हैं। डाॅ. एस कुमार का कहना है कि बुजुर्ग लोग प्रदूषण से बचकर रहें। जो लोग सैर करते हैं वे सैर बंद कर दें।
दावा : धूल-मिट्टी को हटाने का कार्य नियमित रूप से चल रहा
प्रदूषण नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप-2) की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम ने व्यापक स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। निगम की टीमें शहरभर में सक्रिय हैं और धूल व प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। शहर की सडक़ों से धूल-मिट्टी को हटाने का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है। मुख्य सडक़ों पर मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनें रात के समय सफाई कार्य कर रही हैं, जबकि दिन के समय टैंकरों के माध्यम से पानी का छिडक़ाव किया जा रहा है ताकि धूल उडऩे से रोकी जा सके। इसके साथ ही स्वच्छता और बागवानी शाखा की टीमें सडक़ किनारे पड़े कचरे, पत्तों व मलबे को उठाने में लगी हुई हैं।
निगरानी बढ़ाई, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
निगम द्वारा प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। ग्रेप-2 के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि किसी भी प्रकार का खुले में कचरा जलाना, मलबा खुले में रखना या प्रदूषणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देना दंडनीय अपराध है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें और ग्रेप के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। निगमायुक्त ने कहा कि स्वच्छ, हरित और प्रदूषण-मुक्त गुरुग्राम बनाने के लिए प्रशासन और नागरिकों का संयुक्त प्रयास जरूरी है। नगर निगम गुरुग्राम का लक्ष्य है कि शहर को वायु प्रदूषण के प्रभाव से मुक्त किया जाए और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए निगम लगातार निगरानी, सफाई और जन-जागरूकता की दिशा में कार्य कर रहा है।
प्रदूषण से निपटने के लिए 12 करोड़ का बजट मिला है जिससे 10 एंटी स्मॉग गन खरीदने की योजना है। इसे आने में अभी एक माह तक का समय लगेगा।
- प्रदीप दहिया, आयुक्त, नगर निगम, गुरुग्राम