सीवर लाइन टूटने से गुरुग्राम-सोहना हाईवे की सड़क बार-बार धंस रही
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर एसडी आदर्श स्कूल के पास धंसी पुरानी मास्टर सीवर लाइन को ठीक करने के लिए मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) फिलहाल क्षतिग्रस्त लाइन की अस्थायी मरम्मत करा रहा है। इसके तहत टूटी जगह पर नई पाइप डाली जाएगी। वहीं, लाइन को शिफ्ट करने या सीआईपीपी तकनीक से स्थायी मरम्मत कराने का एस्टीमेट तैयार कर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) को भेजा गया है।
गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर सुभाष चौक से बादशाहपुर के आगे तक करीब 11 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया गया है। यह एलिवेटेड रोड एसडी आदर्श स्कूल के पास से शुरू होता है। इसी स्थान पर जीएमडीए की पुरानी मास्टर सीवर लाइन टूटने के कारण छह मई को हाईवे का हिस्सा छठी बार धंस गया था। इसके चलते एक लेन बंद पड़ी है और सीवर लाइन को ठीक करने का कार्य जारी है।
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, करीब 200 मीटर लंबी मास्टर सीवर लाइन एलिवेटेड रोड के दायरे में आती है। आसपास स्कूल और सर्विस रोड होने के कारण पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। साथ ही इस मार्ग पर वाहनों का दबाव भी काफी अधिक रहता है। पहले जीएमडीए इस लाइन की मरम्मत अस्थायी तरीके से कराता रहा है। जीएमडीए के मुख्य अभियंता हेमंत कुमार ने बताया कि सीवर का पानी डायवर्ट कर दिया गया है। एनएचएआई ने धंसी सड़क की खुदाई करा दी है और कार्य को जल्द पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। टूटे हिस्से में पाइप डाला जाएगा।
शिफ्टिंग या सीआईपीपी तकनीक पर विचार
हाईवे पर पुरानी मास्टर सीवर लाइन धंसने की समस्या के स्थायी समाधान पर काम किया जा रहा है। सीवर लाइन की मरम्मत सीआईपीपी (क्योर्ड इन प्लेस पाइप) तकनीक से कराने और लाइन को शिफ्ट करने दोनों विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यदि जीएमडीए जमीन उपलब्ध कराता है तो लाइन को शिफ्ट किया जाएगा। योजना के तहत सुभाष चौक से शीशपाल विहार सर्विस रोड और सोहना रोड के नीचे क्रॉसिंग तक सीआईपीपी लाइनिंग पर करीब 22.90 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। योजना के अनुसार टिकरी मोड़, शीशपाल विहार और सोहना रोड क्रॉसिंग तक क्षतिग्रस्त मास्टर सीवर लाइन का सीआईपीपी तकनीक के जरिए जीर्णोद्धार कराया जा सकता है।