गुरुग्राम। शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ ही शहर में प्रदूषण भी रफ्तार पकड़ने लगा है। स्थिति यह है कि बृहस्पतिवार को एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 139 पर पहुंच गया, जो महज एक सप्ताह पहले तक 70 से भी नीचे था। एक्यूआई के 100 से ऊपर जाने पर वायु गुणवत्ता की स्थिति संतोषजनक नहीं मानी जाती। वहीं, पड़ोसी शहर फरीदाबाद की स्थिति तो और भी खराब है।
बृहस्पतिवार को फरीदाबाद में एक्यूआई 236 पर पहुंच गया और स्वास्थ्य के लिहाज से यह स्थिति खराब मानी जाती है। वातावरण में प्रदूषण का स्तर पिछले तीन-चार दिनों से ही बढ़ रहा है लेकिन बृहस्पतिवार को इसमें काफी बढ़ोतरी देखने को मिली। दो दिन पहले तक गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर 100 के आसपास रहता था। वहीं, बृहस्पतिवार को बढ़कर 139 तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दिनों में तापमान भी तेजी से गिरेगा और ऐसे में प्रदूषण के और भी बढ़ने की आशंका है। पिछले साल के आंकड़ों पर गौर करें तो दशहरे के बाद ही प्रदूषण तेजी से बढ़ता है और दिवाली के बाद धुंध का नजारा भी देखने को मिलता है।
सेक्टर-51 में प्रदूषण ज्यादा रहा
गुुरुग्राम के पुराने शहरी क्षेत्र में तो स्थिति फिर भी ठीक रही लेकिन सेक्टर-51 के इलाके में प्रदूषण ज्यादा रहा। बृहस्पतिवार को शाम 4 बजे विकास सदन में एक्यूआई 110 रहा जब कि सेक्टर-51 में 183 तक पहुंच गया। वहीं, टेरी ग्राम में एक्यूआई 123 दर्ज किया गया। फरीदाबाद में सेक्टर-16ए इलाके में एक्यूआई 236 दर्ज किया गया।