डीटीपी की बड़ी कार्रवाई, गांव पातली में 3.5 एकड़ की तीन कॉलोनियां ध्वस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। जिला नगर योजनाकार विभाग (डीटीपी) की टीम ने बुधवार को फर्रुखनगर पुलिस के सहयोग से अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। केएमपी एक्सप्रेसवे से सटे गांव पातली की राजस्व संपदा में बिना अनुमति विकसित की जा रहीं तीन अवैध कॉलोनियों को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों से अवैध ढांचों को गिराया गया, जिससे क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काटने वालों में हड़कंप मच गया।
डीटीपी विभाग की जांच में सामने आया कि करीब 3.5 एकड़ भूमि पर नियमों की अनदेखी करते हुए कॉलोनियां बसाई जा रही थीं। कॉलोनियों में डीपीसी, चारदीवारी, पक्के मकान, लेबर क्वार्टर और सड़के तक तैयार कर ली गई थीं। विभाग ने सभी अवैध निर्माणों को चिन्हित कर मौके पर ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई। पहली कॉलोनी (1.5 एकड़) में 10 डीपीसी, 4 चहारदीवारी, 2 पक्के स्ट्रक्चर, जिसमें एक रिहायशी इकाई और लेबर क्वार्टर शामिल थे। साथ ही आंतरिक सड़क नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ दिया गया। दूसरी कॉलोनी (1 एकड़) में 5 डीपीसी और निर्माणाधीन सड़क नेटवर्क को जमींदोज किया गया। वहीं, तीसरी कॉलोनी (1 एकड़) में 15 डीपीसी, लेबर क्वार्टरों से युक्त एक बड़ा स्ट्रक्चर और सड़क मार्ग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि पुलिस के साथ अवैध निर्माणों को तोड़ दिया गया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व एटीपी कुलदीप एवं जेई हर्षित ने किया। डीटीपी विभाग ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि केएमपी एक्सप्रेसवे और राजस्व संपदा के आसपास बिना वैधानिक अनुमति कॉलोनी काटना गैर-कानूनी है। भविष्य में भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।