पिनगवां। क्षेत्र में प्रसिद्ध सूफी संत दादा शाह चोखा की 447वीं उर्स मंगलवार को गांव में बनी मजार पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। उर्स के अवसर पर दूर-दूर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने दरगाह पर चादर और फूल अर्पित कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। दरगाह परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और झंडों से सजाया गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत कुरानखानी और कव्वालियों से हुई, जिसमें सूफी कव्वालों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। इस मौके पर नूह पूर्व विधायक जाकिर हुसैन, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी, सरपंच तौफीक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी हाजिरी लगाई। श्रद्धालुओं के लिए लंगर और शरबत की व्यवस्था की गई, जिससे सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी उर्स पूरी श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि दादा शाह चोखा की दरगाह पर हर धर्म और समुदाय के लोग एकजुट होकर आते हैं, जो भाईचारे और एकता का प्रतीक है। कुल मिलाकर, 447वीं उर्स ने क्षेत्र में धार्मिक उत्साह के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। संवाद