दूसरा गंभीर, जेनपैक्ट ट्रैफिक सिग्नल पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज चल रहा है। जेनपैक्ट पर हुए हादसे में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के मनकापुर गांव निवासी मोहम्मद इदरीश की मौत हो गई और गोंडा के बोहिया गांव निवासी आशिक अली गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, एक अन्य हादसे में बसई फ्लाईओवर के नीचे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सीतापुर जिले के किशनपुर गांव निवासी अरुण की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में शिकायत के आधार पर संबंधित थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि आरोपी चालकों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पहले मामले में मृतक इदरीश के रिश्तेदार मोहम्मद नईम ने दी शिकायत में बताया कि सभी पीओपी का काम करते थे और दिल्ली के मालवीय नगर में किराये पर रहते थे। गुरुग्राम के एम3एम में उनका काम चल रहा था। सोमवार रात करीब दस बजे वे दो मोटरसाइकिलों से जेनपैक्ट चौक होते हुए दिल्ली जा रहे थे। फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर जेनपैक्ट रेड लाइट के पास पहुंचने पर रेड लाइट हो गई और सभी ने अपनी बाइक खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई थार ने इदरीश की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक करीब 10 फीट दूर जाकर गिरे। घटना के बाद थार चालक मौके से भाग गया। सेक्टर-53 थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और गाड़ी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत
एक अन्य घटना में मूलरूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के किशनपुर गांव निवासी राम जीवन ने सेक्टर-9ए थाना पुलिस को शिकायत दी है कि उनके छोटे भाई अरुण, जो बसई गांव में अकेले रहकर मजदूरी का काम करते थे, सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार को सूचना मिली थी कि भाई सड़क हादसे में घायल हो गए और रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर पूछताछ करने पर पता चला कि शनिवार सुबह करीब साढ़े बजे अरुण बसई फ्लाईओवर के नीचे से भवानी एन्क्लेव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। इसके बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया।